जालंधर , मार्च 31 -- चुनाव आयुक्त एस एस संधू ने मंगलवार को पंजाब के जालंधर में प्री-एसआईआर मैपिंग की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया और अधिकारियों को इस प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिये। जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में आयोजित बैठक के दौरान उनके साथ पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा भी मौजूद रहीं। बैठक में जालंधर और कपूरथला के जिला चुनाव अधिकारियों तथा ईआरओ ने भाग लिया।
चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिये कि प्री-एसआईआर मैपिंग की रोजाना आधार पर समीक्षा की जाये, ताकि किसी भी तरह की देरी या कमी को तुरंत दूर किया जा सके। उन्होंने खास तौर पर उन पोलिंग बूथों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा, जहां मैपिंग की प्रगति धीमी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा चलाये जा रहे इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूचियों को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है।
चुनाव आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाये और जरूरत पड़ने पर कम प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को प्रेरित किया जाये।
मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने जानकारी दी कि पंजाब में अब तक कुल मतदाताओं में से 72.26 प्रतिशत की सफल मैपिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही हैऔर जिला स्तर पर भी पोलिंग बूथ अनुसार निगरानी सुनिश्चित की गयी है।
चुनाव आयुक्त ने कहा कि पंजाब अपने जज्बे और मेहनत के लिए जाना जाता है और उम्मीद जताई कि प्री-एसआईआर मैपिंग में भी राज्य अग्रणी बनकर उभरेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित