चंडीगढ़ , दिसंबर 13 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी पर उनके गैर-जिम्मेदाराना और बेबुनियाद बयानों से लोगों को गुमराह करने के लिए निशाना साधा।
श्री मान ने सुबह मीडिया से बात करते हुए कहा, "111 दिन के पूर्व मुख्यमंत्री ने ऐसे बयान देकर अपनी पार्टी की हार मान ली है, जो लोकतंत्र की भावना के खिलाफ हैं। "उन्होंने कहा कि आने वाले जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में अपनी हार को देखते हुए कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ध्यान भटकाने की चालें चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस को लोगों ने बार-बार नकारा है, वहीं अकाली दल ज्यादातर उपचुनावों से हट गया था। इन पार्टियों को आने वाले चुनावों में अपना अंजाम अच्छी तरह पता है, इसीलिए वे अपनी इज्जत बचाने के लिए बेबुनियाद बयान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने श्री चन्नी को चुनौती दी कि वे उनके लगाये गये बेबुनियाद आरोपों को साबित करें और दिखाएं कि अतिरिक्त बैलेट पेपर कहां छापे गये हैं, साथ ही कहा कि कमजोर वर्गों का खुद को मसीहा बताने वाला व्यक्ति सिर्फ सुर्खियों में आने के लिए ये सब हथकंडे अपना रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे नाटक करने के बजाय श्री चन्नी को अपने मुख्यालय में चल रही उस नीलामी पर ध्यान देना चाहिए, जिसमें विधानसभा चुनावों के लिए अगले चेहरे की घोषणा की जा रही है। उन्होंने कहा कि श्री चन्नी को उस दौड़ पर ध्यान देना चाहिए, नहीं तो वह नेतृत्व की दौड़ में पीछे रह जाएंगे।
अकाली दल नेता सुखबीर सिंह बादल का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता के दौर में अकाली नेता कभी ज़मीन पर नहीं दिखे, लेकिन अब वे ज़िला परिषद चुनावों के लिए भी प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आम आदमी की ताकत है कि कभी सर्वशक्तिमान नेता अब अपने उम्मीदवारों के लिए वोट मांगने के लिए मोटरसाइकिलों पर घूम रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित