बीजिंग , मार्च 14 -- चीन अपनी घरेलू खपत को बढ़ाने और नागरिकों के कल्याण के लिए छुट्टियों की व्यवस्था और 'पेड लीव' (सवेतन अवकाश) की नीतियों में बड़े बदलाव करने पर विचार कर रहा है।
हाल ही में संपन्न हुए राष्ट्रीय विधायी सत्र और राजनीतिक सलाहकार निकाय की बैठकों में नागरिकों को छुट्टियां तय करने में अधिक लचीलापन देने के प्रस्ताव रखे गए हैं। इस वर्ष की सरकारी कार्य रिपोर्ट में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों के लिए वसंत और शरद ऋतु में छुट्टियां शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है जिससे कि माता पिता अपने बच्चों को बेहतर मौसम का आनंद दे सकें।
इसके अलावा सरकार यह भी चाहती है कि सभी कर्मचारी एक साथ छुट्टियों पर न जाकर अलग-अलग समय पर छुट्टियां लें। इससे 'गोल्डन वीक' (अक्टूबर) जैसे पीक सीजन के दौरान पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ और दबाव को कम किया जा सकेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि जब लोगों के पास खाली समय होगा, तो वे पर्यटन, खान-पान और परिवहन पर अधिक खर्च करेंगे, जिससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के प्रतिनिधियों का कहना है कि अगर बच्चों को स्कूल से छुट्टी मिलती है लेकिन माता-पिता को नहीं, तो वे साथ घूमने कैसे जायेंगे। इसके लिए कंपनियों को स्कूल की छुट्टियों के दौरान माता-पिता को पेड लीव देने में लचीलापन दिखाने का सुझाव दिया गया है। कुछ विशेषज्ञों ने छुट्टियों के बदले अतिरिक्त दिन काम करने की प्रथा को खत्म करने का सुझाव दिया है। साथ ही, कार्यस्थलों पर ऐसी संस्कृति को बदलने की जरूरत बताई गई है जहाँ छुट्टी लेने को काम के प्रति अरुचि माना जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित