नयी दिल्ली , फरवरी 18 -- चीन में बने रोबोटिक कुत्ते को दिखाने को लेकर उठे विवाद के मद्देनजर गलगोटिया विश्वविद्यालय को इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट एक्सपो में अपने स्टाल को खाली करने के लिए कहा गया है हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार की किसी भी सूचना से इंकार किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार विश्वविद्यालय के खिलाफ यह कार्रवाई तब की गई जब ऐसी खबरें आई कि चीन में बना रोबोट इवेंट में दिखाया गया है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब आरोप लगे कि यूनिट्री जीओ2 रोबोटिक कुत्ते को "ओरियन" नाम से दिखाया गया था, जिसकी सोशल मीडिया पर आलोचना हुई। विश्वविद्यालय पर चीन से आयात की गई तकनीक को देसी नवाचार के तौर पर पेश किया गया।
गलगोटिया विश्वविद्यालय की प्रोफेसर नेहा सिंह ने बुधवार को कहा कि उन्हें विश्वविद्यालय को अपना स्टॉल खाली करने के लिए कहने वाले किसी सरकारी निर्देश के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने मीडिया में स्टाल खाली करने को लेकर आई खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे बस इतना पता है कि आज हम सब यहां मौजूद हैं।"चीन में बने रोबोट पर बढते विवाद पर विश्वविद्यालय की ओर से सफाई जारी की गयी जिसमें कहा गया कि न तो संकाय और न ही छात्रों ने रोबोटिक कुत्ता बनाने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि डिवाइस चीन की ग्लोबल रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री से सिर्फ अकादमिक मकसद के लिए खरीदा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित