सिडनी (ऑस्ट्रेलिया) , मार्च 10 -- भारतीय महिला फुटबॉल टीम का एएफसी महिला एशिया कप 2026 अभियान मंगलवार को यहां वेस्टर्न सिडनी स्टेडियम में चीनी ताइपे से 1-3 की हार के साथ समाप्त हो गया।
ग्रुप-सी के अपने तीसरे और अंतिम मुकाबले में भारत की ओर से एकमात्र गोल मनीषा कल्याण ने 39वें मिनट में किया। चीनी ताइपे के लिए सू यू-ह्सुआन (12वां मिनट) और चेन-यूचिन (77वां मिनट) ने गोल किए, जबकि भारतीय गोलकीपर पंथोई चानू के नाम पहले हाफ के इंजरी समय में दुर्भाग्यपूर्ण आत्मघाती गोल दर्ज हुआ।
इस परिणाम के साथ भारत अपने ग्रुप में बिना अंक के अंतिम स्थान पर रहा। ग्रुप में शीर्ष स्थान जापान ने हासिल किया। भारतीय टीम को अपने पहले मुकाबले में वियतनाम से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि दूसरे मैच में जापान ने उसे 11-0 से पराजित किया था।
टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें और सर्वश्रेष्ठ दो तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचती हैं। वहीं सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीमें फीफा महिला विश्व कप (ब्राजील) के लिए क्वालीफाई करेंगी।
फीफा महिला रैंकिंग में 67वें स्थान पर काबिज भारत ने विश्व में 40वें स्थान की टीम चीनी ताइपे के खिलाफ मुकाबले की शुरुआत तेज रफ्तार के साथ की और फ्लैंक्स के जरिए आक्रमण करने की कोशिश की।
इसके बावजूद मैच का पहला गोल चीनी ताइपे ने किया। भारतीय रक्षक संजू की चूक का फायदा उठाते हुए चेन जिन-वेन ने गेंद यू-ह्सुआन को पास की, जिन्होंने 12वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
शुरुआती झटके के बाद भी भारतीय टीम ने आक्रामक रुख बनाए रखा। भारत बराबरी के बेहद करीब पहुंचा जब मनीषा कल्याण का दूर से लगाया गया जोरदार शॉट क्रॉसबार से टकरा गया।
पहले हाफ के अंत में भारत को सफलता मिली। मनीषा की लंबी दूरी से ली गई फ्री-किक सभी खिलाड़ियों को चकमा देते हुए सीधे गोल में चली गई और स्कोर 1-1 हो गया।
हाफ टाइम से ठीक पहले अतिरिक्त समय में प्यारी ज़ाक्सा के बॉक्स के भीतर हैंडबॉल के कारण रेफरी ने पेनल्टी दे दी। सू यी-युन की पेनल्टी पोस्ट से टकराकर वापस आई और गोलकीपर चानू की पीठ से लगकर गोललाइन के अंदर चली गई, जिससे चीनी ताइपे को 2-1 की बढ़त मिल गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित