बीजिंग , दिसंबर 23 -- मानवरहित हवाई वाहनों की दुनिया की सबसे बड़ी निर्माता कंपनी, चीनी ड्रोन निर्माता डीजेआई ने मंगलवार को अमेरिका द्वारा सभी नए आयातित विदेशी ड्रोनों को प्रतिबंधित करने के फैसले पर खेद व्यक्त किया।
'हुआनकिउ' समाचार एजेंसी के अनुसार डीजेआई ने कहा कि अमेरिका का यह कदम न केवल अमेरिकी उपभोक्ताओं और व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं के लिए पसंद की स्वतंत्रता को सीमित करता है, बल्कि एक खुले एवं निष्पक्ष बाजार के सिद्धांतों को भी कमजोर करता है।
हुआनकिउ ने कंपनी के हवाले से कहा, "पिछले कई वर्षों में, डीजेआई उत्पादों की सुरक्षा और विश्वसनीयता वैश्विक बाजार और कई प्रतिष्ठित स्वतंत्र तृतीय-पक्ष संगठनों द्वारा प्रमाणित की गई है।"अमेरिकी मीडिया के मुताबिक अमेरिकी संघीय संचार आयोग (एफसीसी) ने सुरक्षा चिंताओं के कारण नए विदेशी ड्रोनों के आयात पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है, जिससे चीनी कंपनियों डीजेआई और ऑटेल के लिए अमेरिकी बाजार में नए ड्रोन मॉडल की आपूर्ति प्रभावी रूप से अवरुद्ध हो गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित