चित्तौड़गढ़ , फरवरी 20 -- राजस्थान में ऐतिहासिक शहर चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए शुक्रवार से प्रारम्भ "पावन-चित्तौड़गढ़ स्वच्छता अभियान" में आमजन को 10 हजार कपड़े के थैले वितरित किए गए।
नगर परिषद प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में सांसद सांसद चंद्रप्रकाश जोशी ने कहा कि वह स्वयं इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ बनाने के लिए आमजन के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से प्रति रविवार स्वच्छता अभियान में भाग लेने और कम से कम 10 व्यक्तियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने प्लास्टिक थैली के स्थान पर कपड़े की थैली या टोकरी के उपयोग को बढ़ावा देने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक दुर्ग क्षेत्र को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया गया है। साथ ही शहर के प्रत्येक घर तक कपड़े अथवा पुनः उपयोग योग्य थैलियां उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि नागरिक बाजार जाते समय स्वयं की थैली साथ लेकर जाएं और प्लास्टिक थैली का इस्तेमाल पूर्णतः बंद कर सकें।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) प्रभा गौतम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए और अभियान को वार्ड एवं ग्राम स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद, राजस्थान परमाणु बिजलीघर (एनपीसीएल) के यूनिट प्रमुख डी. सुब्बाराव, नगर परिषद प्रशासक कैलाश गुर्जर सहित गणमान्य नागरिकों द्वारा "म्हारो पावन चित्तौड़" लोगो, टी-शर्ट एवं पेन का विमोचन किया और परमाणु बिजली घर की ओर से तैयार किये गए 10 हजार कपड़े के थैले आमजन को वितरित किये गए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और चित्तौड़गढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में आदर्श जिला बनाने का संकल्प लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित