चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 17 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के विभिन्न थानों में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत तस्करी में जब्त एवं लावारिस वाहनों की बड़ी सार्वजनिक खुली नीलामी से जिला पुलिस को 85 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सरिता सिंह ने शुक्रवार को बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत निम्बाहेड़ा में एक स्थान पर आयोजित इस नीलामी में मादक पदार्थों की तस्करी में जब्त 26 वाहन और पुलिस अधिनियम के तहत जब्त 138 वाहन सम्मिलित थे जिससे 85 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि इस नीलामी से पुलिस परिसरों में वर्षों से खड़े वाहनों का स्थायी समाधान हुआ है, जिससे स्थान की समस्या दूर होने के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित हुई है। साथ ही खुले में खड़े वाहनों से उत्पन्न पर्यावरणीय एवं सुरक्षा संबंधी समस्याओं से भी राहत मिली है।नीलामी प्रक्रिया में आम लोगों के अलावा राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात तक के कबाड़ी व्यापारियों ने शिरकत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित