चित्तौड़गढ़ , दिसम्बर 15 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्रेट भवन को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी के बाद यहां चप्पे चप्पे की तलाशी ली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर आलोक रंजन की एनआईसीमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश आया कि कलेक्ट्रेट में आठ बम लगा रखे हैं जो जल्दी फट जाएंगे। सुबह आठ बजे इस मेल को देखते ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी को सूचना दी जिसके तत्काल बाद पुलिस सक्रिय हो गई और फायर ब्रिगेड एवं दमकल के साथ पुलिस का बम निरोधक दस्ता और उदयपुर से खोजी कुत्ते को बुलाकर सम्पूर्ण कलेक्ट्रेट परिसर की चप्पे चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिलने पर राहत की सांस ली।

तलाशी के समय कलेक्ट्रेट में लोगों की ज्यादा आवक जावक नहीं होने के साथ कर्मचारी भी नहीं आए थे जिससे स्थिति सामान्य बनी रही। कोतवाली थानाधिकारी तुलसीराम ने बताया कि इस संबंध में जिला कलेक्टर की ओर से प्राप्त पत्र के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित