जगदलपुर , दिसंबर 16 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा बिक्री करने वाले आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हाटकचोरा, पुराना चिमनी भट्टी के पीछे गली में की गई, जहां आरोपी चावल की बोरी के भीतर गांजा छिपाकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। आज मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके एसपी कार्यालय की ओर से बताया गया कि थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली भोला सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम मंगलू राम कश्यप पिता स्वर्गीय रामधर कश्यप (58) , निवासी जगदलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद चावल की बोरी से कुल 1 किलो 564 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 78 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी से गांजा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, किंतु वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर गांजा जब्त कर लिया गया। थाना सिटी कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित