नयी दिल्ली , मई 08 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ चीनी और दालों में भी तेजी देखी गयी जबकि गेहूं की कीमत पिछले कारोबारी दिवस पर टिकी रही। खाद्य तेलों में घट-बढ़ का रुख रहा।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत दो रुपये बढ़कर 3,850 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 2,779 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रहा। आटे की कीमत भी पांच रुपये बढ़ गयी।

दाल-दलहनों में तेजी रही। मूंग दाल की औसत कीमत 31 रुपये बढ़ गयी। उड़द दाल 16 रुपये और चना दाल 10 रुपये महंगी हुई। तुअर दाल और मसूर दाल का भाव आठ-आठ रुपये प्रति क्विंटल चढ़ा।

मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जुलाई वायदा 43 रिंगिट गिरकर 4,498 रिंगिट प्रति टन रह गया। वहीं, जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74.47 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित