नयी दिल्ली , दिसंबर 17 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं में भी तेजी रही। वहीं, चीनी और दालों के दाम घट गये जबकि खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत सात रुपये बढ़कर 3,864 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं छह रुपये महंगा हुआ और 2,866 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे की कीमत तीन रुपये बढ़ गयी।
दाल-दलहनों में नरमी रही। तुअर दाल 65 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। उड़द दाल की कीमत 31 रुपये और चना दाल की 27 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। मसूर दाल में 14 रुपये और मूंग दाल में आठ रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
विदेशों में बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मार्च वायदा तीन रिंगिट चढ़कर 3,965 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, मार्च का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.59 प्रतिशत गिरकर में 48.62 डॉलर के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सूरजमुखी तेल 12 रुपये और पाम ऑयल 11 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ। सोया तेल भी 10 रुपये प्रति क्विंटल फिसल गया। वनस्पति 17 रुपये और मूंगफली तेल सात रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सरसों तेल के भाव में टिकाव रहा।
मीठे के बाजार में आज गुड़ की औसत कीमत 26 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। चीनी भी 13 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित