नयी दिल्ली , मार्च 15 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव गिर गये। चावल के साथ गेहूं में भी नरमी रही। खाद्य तेलों और दालों में उतार-चढ़ाव का रुख देख गया।

सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 50 रुपये घटकर सप्ताहांत पर 3,782 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 25 रुपये सस्ता होकर 2,794 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव 10 रुपये गिरकर 3,301 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।

दालों की कीमत में घट-बढ़ रही। सप्ताह के दौरान चना दाल औसतन 24 रुपये और मसूर दाल 16 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई। वहीं, उड़द दाल की कीमत 36 रुपये और तुअर दाल की 11 रुपये बढ़ गयी। मूंग दाल आठ रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।

बीते सप्ताह खाद्य तेलों में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। सरसों तेल की औसत कीमत 15 रुपये प्रति क्विंटल गिर गयी। सूरजमुखी तेल 360 रुपये और पाम ऑयल 332 रुपये महंगा हुआ। मूंगफली तेल की कीमत 267 रुपये और सोया तेल की 119 रुपये बढ़ गयी। वनस्पति भी 26 रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुआ।

मीठे के बाजार में सप्ताह गुड़ के औसत भाव 10 रुपये प्रति क्विंटल घट गये। दूसरी तरफ चीनी 22 रुपये महंगी हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित