नयी दिल्ली , मार्च 25 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल की औसत कीमत घट गयी। चावल के साथ गेहूं में भी नरमी रही। चीनी और दालों में तेजी देखी गयी जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल का औसत भाव दो रुपये गिरकर 3849 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। गेहूं 11 रुपये सस्ता हुआ और 2,802 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी 12 रुपये टूट गयी।
दाल-दलहनों में तेजी रही। मसूर दाल की औसत कीमत 17 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मूंग दाल, उड़द दाल और चना दाल के दाम 10-10 रुपये बढ़े। तुअर दाल के भाव में टिकाव देखा गया।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जून का पाम ऑयल वायदा 41 रिंगिट गिरकर 4,496 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। मई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.67 प्रतिशत की नरमी के साथ 65.28 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सोया तेल की औसत कीमत 59 रुपये और सरसों तेल की 15 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। मूंगफली तेल 78 रुपये और सूरजमुखी तेल 22 रुपये महंगा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित