नयी दिल्ली , मार्च 22 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं, खाद्य तेल और दालों में भी तेजी रही। वहीं, चीनी में गिरावट का रुख देख गया।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 26 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 3,809 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 25 रुपये महंगा होकर 2,819 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव सात रुपये गिरकर 3,294 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।
दालों की कीमत में भी तेजी रही। सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 103 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। उड़द दाल 99 रुपये और मूंग दाल 53 रुपये महंगी हुई। चना दाल का भाव 21 रुपये और मसूर दाल का आठ रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित