नयी दिल्ली , दिसंबर 29 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चीनी और दालों में भी तेजी देखी गयी जबकि गेहूं के दाम टूट गये। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 106 रुपये बढ़कर 3,851 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 22 रुपये सस्ता हुआ और 2,854 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा भी 30 रुपये टूट गया।
दाल-दलहनों में चना दाल औसतन 161 रुपये और तुअर दाल 165 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मसूर दाल 133 रुपये मजबूत हुई। मूंग दाल 92 रुपये और उड़द दाल 44 रुपये प्रति क्विंटल चढी।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मार्च वायदा 40 रिंगिट की गिरावट के साथ 4049 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। वहीं, मार्च का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.30 प्रतिशत टूटकर 49.05 डॉलर के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 63 रुपये, सोया तेल की 53 रुपये और सरसों तेल की 52 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। वनस्पति का भाव 110 रुपये, मूंगफली तेल का 84 रुपये और सूरजमुखी तेल का 24 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ा।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव में 43 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। चीनी की कीमत भी 11 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित