नयी दिल्ली , फरवरी 13 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं और खाद्य तेलों में भी तेजी रही। चीनी में कमोबेश टिकाव रहा जबकि दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 23 रुपये बढ़कर 3,859 रुपये प्रति क्विंटल पर रही। गेहूं की कीमत सात रुपये चढ़कर 2,854 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। आटे की कीमत गत दिवस के स्तर पर रही।

दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव रहा। उड़द दाल औसतन 34 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। तुअर दाल की कीमत 22 रुपये और चना दाल की 16 रुपये बढ़ी। मूंग दाल पांच रुपये चढ़ गयी। वहीं, मसूर दाल में 17 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।

विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का मई वायदा तीन रिंगिट की बढ़त में 4,046 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा 0.52 प्रतिशत टूटकर 57.24 सेंट प्रति पौंड बोला गया।

स्थानीय बाजारों में सूरजमुखी तेल और वनस्पति की औसत कीमत 101 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। पाम ऑयल 75 रुपये और सरसों तेल में 51 रुपये महंगी हुई। मूंगफली तेल में 14 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। सोया तेल के भाव लगभग गत दिवस से स्तर पर पड़े रहे।

मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव चार रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। वहीं, चीनी में टिकाव रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित