रुड़की , मार्च 13 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के रुडकी शहर में बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को नागरिकों और व्यापारी बंधुओं से सहयोग की अपील की कि केवल चालान काटना किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता और जिम्मेदारी से ही शहर को जाम की समस्या से राहत मिल सकती है।

यातायात पुलिस ने विशेष रूप से बाजार क्षेत्रों में व्यापारियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी दुकानों के सामने वाहनों को स्थायी रूप से पार्क न करें। कई बार दुकानदार और उनके परिचित अपने वाहन दुकानों के सामने खड़े कर देते हैं, जिससे ग्राहकों के लिए जगह नहीं बचती और बाजारों में जाम की स्थिति बन जाती है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि हर दुकानदार अपनी दुकान के सामने वाहन खड़ा कर देगा तो बाजार में आने वाले ग्राहकों को वाहन खड़ा करने की जगह नहीं मिलेगी, जिससे अनावश्यक भीड़ और जाम की समस्या पैदा होती है। इसका सीधा असर व्यापार पर भी पड़ता है और आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

यातायात पुलिस ने कहा कि शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। व्यापारी, वाहन चालक और आम नागरिक यदि थोड़ी जिम्मेदारी निभाएं और नियमों का पालन करें, तो बाजारों में जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित