हल्द्वानी 25मार्च (वार्ता) उत्तराखंड विधानसभा विपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से चार वर्ष के शासन को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।
श्री आर्य ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन के दौरान श्री धामी पर तंज कसते हुए उनके चार साल के कार्यकाल को बेहद निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि जनता भली-भांति जानती है कि मुख्यमंत्री किन मामलों में "धुरंधर" हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के चार साल के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है और महंगाई से आम जनता त्रस्त है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह विफल रही है और युवाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। वहीं महिला अपराध, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी उन्होंने गंभीर चिंता जताई उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं के बावजूद राज्य सरकार अपने चार साल पूरे होने का जश्न मना रही है, जो कि जनता के साथ अन्याय है।
श्री आर्य ने मांग की कि सरकार अपने कार्यकाल का पूरा खाका तैयार कर श्वेत पत्र जारी करे, ताकि प्रदेश की वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित