गरियाबंद , अप्रैल 02 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब चार लाख रुपये के आठ हीरे तथा 50 हजार रुपये कीमत की एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस ने आज यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से हीरे लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर स्पेशल टीम और थाना शोभा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
टीम ने ग्राम कुसियार (बरछा-कचना) स्थित ध्रुवा मंदिर के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम डमरू लाल लहरे (52), निवासी अधिकारिगुड़ा, थाना उमरकोट, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से आठ नग चमकीले बहुमूल्य खनिज (हीरे) बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित