हरिद्वार , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा से पूर्व हरिद्वार शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए सीवरेज निर्माण कार्यों में तेजी लायी गयी है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में खोदी गई सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
सोमवार को जानकारी देते हुए विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सीवरेज कार्यों के चलते सड़कों के खोदे जाने से स्थानीय लोगों,व्यापारियों और यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में एक अप्रैल को आयोजित बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करते हुए चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले सभी सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेज गति से चल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 04 और 05 अप्रैल को कुल 315 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया।
प्रशासन के अनुसार शेष कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कराया जा रहा है, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान शहर में यातायात सुचारू बना रहे और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित