चारधाम यात्रा से पहले पेट्रोल पंपों पर सख्ती औचक छापेमारी में उजागर हुई खामियांहरिद्वार , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच खाद्य आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंपों पर निगरानी तेज कर दी है।

गुरुवार को जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम ने लक्सर क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर औचक निरीक्षण किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान राम राणा फिलिंग स्टेशन (हबीबपुर कुड़ी), एमवी फिलिंग स्टेशन (नमारा हबीबपुर कुड़ी) और रायसी डीजल सेंटर (रायसी) में कई प्रकार की खामियां पाई गईं। टीम ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मानकों के अनुपालन में लापरवाही पर नाराजगी जताई।

जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने कहा, "चारधाम यात्रा के दृष्टिगत ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखना अत्यंत आवश्यक है। सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी मूलभूत सुविधाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें और पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित रखें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पेट्रोल पंपों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

छापेमारी के दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मदन रावत, दिवेश कुमार शर्मा और तोशनाथ शर्मा भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित