ऋषिकेश , मार्च 19 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने गुरुवार को ऋषिकेश क्षेत्र में टूर एंड ट्रैवल्स एवं मोटरसाइकिल किराये प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई के संकेत दे दिए हैं।
औचक निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी गई कि वे सात दिनों के भीतर वैध प्रक्रिया पूरी करें, अन्यथा स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में प्रतिष्ठान सील कर दिए जाएंगे। जिन प्रतिष्ठानों के दस्तावेज अधूरे या अमान्य पाए गए, उन्हें लिखित नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
निरीक्षण में कुल 25 टूर एंड ट्रैवल्स प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 15 ही वैध पाए गए। तीन प्रतिष्ठानों के लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी, जबकि सात प्रतिष्ठान पूरी तरह बिना लाइसेंस संचालित होते मिले।
इसके अलावा मोटरसाइकिल किराये व्यवसाय भी विभाग के रडार पर रहा। जांच के दौरान लगभग आठ मोटरसाइकिल रेंटल प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस के संचालित पाए गए। विभाग ने इन्हें भी एक सप्ताह की मोहलत दी है और समयसीमा के बाद कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
निरीक्षण अभियान में एआरटीओ प्रशासन आरएस कटारिया, एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत, प्रधान सहायक दीपक पांडेय सहित प्रवर्तन टीम शामिल रही। एआरटीओ प्रशासन आरएस कटारिया ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित