ऋषिकेश , अप्रैल 10 -- आगामी चार धाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड में ऋषिकेश में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
यात्रा के दौरान यातायात और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाये रखने के उद्देश्य से शहर में अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। शुक्रवार को नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार रोड स्थित नटराज चौक से मनसा देवी चौक तक तथा योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के आसपास व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेली, फड़-फेरी और अन्य अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान के दौरान प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार और फेरी वाले स्वयं ही अपना सामान समेटते नजर आये। टीम ने मौके पर अतिक्रमण न करने की सख्त हिदायत भी दी।
ऋषिकेश नगर निगम के नगर आयुक्त गोपाल राम ने बताया कि चार धाम यात्रा को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित