हरिद्वार , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिला प्रशासन चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और इस क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी संबंधित अधिकारियों को यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिये।

जिलाधिकारी ने कहा है कि तीर्थ यात्रियों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपद के होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट एवं दुकानों में नियमितरूप से छापेमारी अभियान चलाने और मिलावटखोरी एवं ओवररेटिंग पाये जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देशभी दिये गये हैं। उन्होंने कहा है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने रोडवेज बस स्टेशन, भेल सेक्टर-04 सब्जी मंडी एवं पीठ बाजार क्षेत्र में निरीक्षणअभियान चलाया है। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से कुल 33 खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच की गयी, जिसमें कुछ नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाये गये। अधोमानक खाद्य सामग्री को मौके से हटाकर नष्ट कराया गया तथा संबंधित विक्रेताओं को नोटिस जारी किये गये। साथ ही पैकेट बंद पेयजल के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गये हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के पेट्रोल पंपों का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर शौचालय, पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाओं में कमी पायी गयी, जिस पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करनेकी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित