चंडीगढ़ , दिसंबर 05 -- हरियाण में अम्बाला छावनी के बस स्टैंड के पास चाय की दुकान पर काम करने वाले राजकुमार की बेटी अंजलि ने अंतरराष्ट्रीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर देश और हरियाणा का नाम रोशन किया है।

अंजलि इस उपलब्धि के बाद अपने परिवार के साथ ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से मिली। श्री विज ने उसे मेडल पहनाकर सम्मानित किया और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

अंजलि ने कहा कि मंत्री से मिलकर आशीर्वाद लेना उसके लिए बेहद खुशी और उत्साह का विषय रहा। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी नेता प्रवेश शर्मा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

अंजलि के पिता चाय की दुकान पर काम करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अंजलि ने खेलों में अपनी मेहनत और लगन को बरकरार रखा। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में लगे एक महीने के कैंप के बाद उसका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित