अलवर , फरवरी 19 -- राजस्थान में डीग जिले के सीकरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को नियामतपुर गांव में शादी समारोह के दौरान एक डीजे में करंट प्रवाहित होने से पांच बच्चे झुलस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नियामतपुर गांव में एक परिवार में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी के दौरान डीजे लगाया गया था, जिसे देखने के लिए परिवार के कुछ बच्चे मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक डीजे में करंट दौड़ गया जिससे कुछ बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में बच्चे झुलस गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
घायलों में तीन बच्चों का इलाज नगर के अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में भर्ती बच्चों की पहचान बादल और अंकित के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों का इलाज जारी है और फिलहाल उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डीजे में 11 हजार वोल्ट की लाइन से करंट आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि करंट कैसे और किन कारणों से लगा, इसका अब तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित