कोरबा , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कटघोरा-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक चलती ट्रेलर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना दोपहर लगभग 4 बजे डूमर कछार के पास हुई।
कटघोरा से बिलासपुर की ओर जा रहा ट्रेलर अचानक आग की चपेट में आ गया। आग लगने की जानकारी मिलते ही चालक ने तुरंत वाहन रोका और कूदकर सुरक्षित बाहर निकल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर खाली था और तेज रफ्तार में चल रहा था। आग लगने के बाद भी कुछ दूरी तक वाहन सड़क पर दौड़ता रहा, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
राहगीरों द्वारा शोर मचाने पर चालक को स्थिति का अंदाजा हुआ और उसने किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल दल मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा वाहन मालिक को घटना की जानकारी दे दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित