समस्तीपुर , जनवरी 16 -- पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल क्षेत्र के अंगारघाट एवं भगवानपुर देसुआ स्टेशन के बीच रेलगाड़ी संख्या- 63348 का हाँट एक्सल अचानक लॉक हो जाने के कारण समस्तीपुर- खगड़िया रेल खंड पर करीब 7 घंटों तक रेलगाड़ियों का परिचालन पूरी तरह ठप रहा।

मंडल के सूचना पदाधिकारी (पीआरओ) आर.के.सिंह ने बयान जारी कर बताया कि रेलगाड़ी संख्या 63348 समस्तीपुर से दोपहर सहरसा जा रही थी, इसी दौरान गार्ड ब्रेक वैन संख्या 198732 में तकनीकी खराबी के कारण अचानक एक्सल लॉक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) समस्तीपुर मुख्यालय से भेजा गया। कैरिज एवं वैगन स्टाफ तथा मंडल के यांत्रिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मरम्मती का कार्य पूरा किया। इसके बाद इस खंड पर रेलगाड़ियों का परिचालन देर शाम शुरू कर दिया गया है।

इस घटना के कारण समस्तीपुर-खगड़िया रेल खंड के विभिन्न स्टेशनों पर आधे दर्जन प्रमुख रेलगाड़ियाँ रूकी रही। जबकि रेलगाड़ी संख्या 20503 (राजधानी एक्सप्रेस) को बरौनी होते हुए भाया समस्तीपुर के रास्ते डाइवर्ट कर दी गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित