शिवपुरी , फरवरी 9 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी रेलवे प्लेटफार्म पर आज सोमवार को एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जब मंद गति से चल रही रेलगाड़ी और प्लेटफार्म के बीच पटरी पर फंसी एक महिला को जीआरपी के जवान ने साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जीआरपी शिवपुरी के सूत्रों के अनुसार ग्वालियर से भोपाल जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस में चढ़ते समय विजय लता पत्नी श्याम मिश्रा अचानक संतुलन बिगड़ने से प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच फंस गई। उसी समय ट्रेन धीमी गति से आगे बढ़ने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात जीआरपी जवान ललित कुमार ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय दिया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद महिला को उपचार के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूत्रों ने बताया कि महिला और उसके पति शिवपुरी के ही निवासी हैं। जीआरपी जवान की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित