रायसेन , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में भोपाल-जबलपुर नेशनल हाईवे 45 पर आज सोमवार को चलती कार में अचानक आग लगने से वाहन जलकर खाक हो गया, हालांकि कार में सवार पति-पत्नी सुरक्षित बाहर निकल गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना बाड़ी से लगभग दस किलोमीटर दूर ग्राम पीपलबाली के पास हुई। जबलपुर से भोपाल जा रहे दंपति ने कार से धुआं उठते देखा तो तुरंत वाहन रोक दिया। कुछ ही देर में कार में आग भड़क गई और वह बर्निंग कार में बदल गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों कार सवार सुरक्षित बाहर निकल आए। बाद में वे भोपाल जाने वाली बस में बैठकर रवाना हो गए।

सूचना दिए जाने के बावजूद करीब एक घंटे तक पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं। बताया गया है कि कार मालिक ने यह मारुति कार लगभग दो महीने पहले ही खरीदी थी। कार में आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित