गरियाबंद , फरवरी 05 -- छत्तीसगढ़ में गरियाबंद जिले के थाना शोभा क्षेत्र अंतर्गत चरित्र पर संदेह को लेकर एक महिला की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में गरियाबंद पुलिस ने दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने यह जानकारी गुरुवार को दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार दो फरवरी को थाना शोभा में मर्ग भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के तहत जांच प्रारंभ की गई थी। जांच के दौरान मृतिका सुमित्रा बाई, जो मूलतः ओडिशा के चितरकोटी की रहने वाली थी, अपने पति दलसु नेताम के साथ ग्राम गरीबा में लारी में झोपड़ी बनाकर निवास कर रही थी।

जांच में सामने आया कि सुमित्रा द्वारा गांव में आरोपी महिलाओं के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक बातें कहने और बदनाम करने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी महिलाएं सुगंतिन नेताम एवं इतवारीन बाई ने एक राय होकर सुमित्रा बाई के लारी में पहुंचकर उसके साथ मारपीट की।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मृतिका को घसीटते हुए लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उसके शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मामले में प्रथम दृष्टया धारा 103(1) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी महिलाओं की पहचान इतवारीन बाई पति सुकुराम नेताम, सुगंतिन नेताम पति सरजु राम नेताम निवासी ग्राम गरीबा, थाना शोभा, जिला गरियाबंद (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित