टिहरी, जनवरी 31 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल में चल रहे जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार महाभियान के तहत शनिवार को विकासखंड चम्बा की न्याय पंचायत जगधार अंतर्गत बादशाहीथौल बंगाचली खेल मैदान में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने की।
शिविर में वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत, उरेड़ा, जल संस्थान एवं शिक्षा विभाग से संबंधित जनसमस्याओं की सुनवाई की गई। ग्राम प्रधान ढरसाल बुद्धी प्रसाद भट्ट ने चम्बा नगर पालिका एवं उनके गांव की सीमा के सीमांकन का मामला उठाया, जबकि सुशील कुमार बहुगुणा ने रानीचौरी, जगधार, ढरसाल, साबली क्षेत्रों में जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग रखी।
नकोट गांव के बैजनाथ ने बंदरों की समस्या, झूलते विद्युत तार, अधिक विद्युत बिल तथा सड़कों पर सुरक्षात्मक कार्य कराए जाने की मांग की। वहीं क्षेत्र समिति सदस्य लामकोट माधुरी देवी ने भोनाबागी-लामकोट-केमवाल-बडोन गांव सड़क के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
शिविर में प्राप्त कुल 45 शिकायतों व मांग पत्रों को जिलाधिकारी द्वारा त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। इस दौरान बाल विकास विभाग के सहयोग से चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई, जबकि शिविर में बनाए गए तथा पूर्व से ऑनलाइन आवेदन करने वाले एक दर्जन से अधिक लाभार्थियों को यूसीसी प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चम्बा सुमन सजवाण, नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, एसडीएम टिहरी स्नेहिल कुंवर, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य माधुरी देवी, कविता उनियाल, प्रवीण नेगी, सुशील बहुगुणा सहित ग्राम प्रधान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित