टिहरी , मई 05 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद के चम्बा क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनी चम्बा टनल में मंगलवार को संभावित आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास का उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखना रहा।

मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीमों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। अभ्यास के दौरान दुर्घटना, आगजनी और प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों का सजीव प्रदर्शन किया गया, जिसमें संबंधित एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

इस दौरान बीआरओ के इंजीनियरों द्वारा चम्बा टनल का स्थलीय निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण में टनल की संरचनात्मक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा संभावित जोखिमों का आकलन किया गया। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि आपदा के समय प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने अभ्यास का अवलोकन करते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों को करीब से देखा।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि इस तरह के नियमित अभ्यासों के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित