चम्पावत , मार्च 07 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चम्पावत विधानसभा में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यहां ग्राम पुनेठी में शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट के निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी मिल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने चम्पावत दौरे के दौरान जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने के लिए पुनेठी में शूटिंग रेंज निर्माण की घोषणा की थी। इसी घोषणा के क्रियान्वयन के लिए राजस्व विभाग की 2,000 वर्ग मीटर (0.200 हेक्टेयर) भूमि खेल विभाग को हस्तांतरित करने की योजना बनाई गईं। प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया।

बताया जा रहा है कि शासन ने भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इस पहल से जिले के युवाओं के लिए खेलों में आगे बढ़ने के नए अवसर खुलेंगे। शूटिंग रेंज और लॉन टेनिस कोर्ट के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इन खेल सुविधाओं के विकसित होने से चम्पावत में भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की भी संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे जिले में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित