चमोली , फरवरी 16 -- उत्तराखंड में छिप कर रहने वाले संदिग्धों एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चमोली जिले में आपरेशन क्रैक डाउन अभियान शुरू किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री सुरजीत सिंह पंवार ने सोमवार को कहा कि जिले के सभी थाना, सर्किल एवं चौकी स्तर पर अभियान पूर्ण रूप से लागू किया गया है। इस अभियान की देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य जनपद में रहने वाले अज्ञात,अपरिचित,संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों की पृष्ठभूमि का सत्यापन कर आपराधिक गतिविधियों को समाप्त करना है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया आपरेशन क्रैक डाउन उन बाहरी अपरिचित व्यक्तियों पर है जो आश्रमों, होम स्टे, होटल, गेस्ट हाउस, हॉस्टल, पेइंग गेस्ट, किराए के मकानों, फ्लैटों, फैक्टरियों, कोचिंग सेंटरों, प्राइवेट नौकरियों, श्रमिक कार्यों आदि में रहकर/कार्यरत होकर अपनी पृष्ठभूमि छिपा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर अलग-अलग फील्ड टीमें गठित की गई हैं जो क्षेत्र में रहने वाले बाहरी लोगों, किरायेदारों, श्रमिकों, छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न व्यवसायों में संलग्न लोगों का भौतिक सत्यापन कर रही है। साथ ही एक समर्पित डेटा विश्लेषण टीम द्वारा एकत्रित सूचनाओं का तकनीकी परीक्षण कर राष्ट्रीय पोर्टलों से मिलान तथा अन्य राज्यों से समन्वय स्थापित किया जाएगा व संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

अभियान के दौरान व्यवसाय, नौकरी, श्रम कार्य या अल्पावधि प्रवास हेतु आए व्यक्तियों का पहचान पत्र/आईडी के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। मकान मालिकों, होटल एवं होम स्टे संचालकों से अपने यहां निवासरत व्यक्तियों का विवरण संबंधित थाना में अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की अपील की जा रही है।

श्री पंवार ने कहा कि जनपद की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। 'ऑपरेशन क्रैक डाउन' का मुख्य उद्देश्य देवभूमि की मर्यादा को सुरक्षित रखना और उन असामाजिक तत्वों को चिह्नित करना है जो अपनी पहचान छिपाकर यहां किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत यह सत्यापन अभियान बेहद निर्णायक साबित होगा। हम तकनीक और सर्विलांस का पूरा उपयोग कर रहे हैं ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति पुलिस की नजरों से बच न सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित