चमोली , जनवरी 15 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखण्ड के चमोली जिले के विकासखंड गैरसैण की न्याय पंचायत आदिबद्री में गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुआ। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनसे लोगों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और पात्र लाभार्थियों को लाभ भी प्रदान किया गया। इस दौरान कुल 104 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें सड़क निर्माण में देरी, पेयजल, बिजली, बिना पानी के बिल आने, जंगली जानवरों से फसल नुकसान, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन निर्माण जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से रहीं।
जिलाधिकारी कुमार ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण करते हुए शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजा और निर्देश दिए कि सड़क कार्य समय पर पूरे किए जाएँ, जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण हों, पूर्ति विभाग समय पर राशन उपलब्ध कराए तथा कृषि विभाग खेतों में घेरबाड़ की व्यवस्था करे। बीडीओ गैरसैण को पीएम आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का सर्वे कर लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
ग्राम प्रधान आदिबद्री आरती बहुगुणा ने पीपलचट्टी से जुगलगढ़ तक सड़क, मैतोली गांव में कढ़ाई-बुनाई केंद्र, पार्किंग, पार्क और पेयजल व्यवस्था की मांग रखी। इसी प्रकार ग्राम पंचायत पिंडवाली से गौर सिंह शास्त्री ने सड़क निर्माण, हाईस्कूल उच्चीकरण, पंचायत भवन और अस्पताल की मांग रखी तथा ग्राम प्रधान शिल्पाटा रेखा नेगी ने आंगनबाड़ी केंद्र की मांग की, जिन पर जिलाधिकारी ने प्रस्ताव बनाकर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। गंगा सिंह रावत ने जल जीवन मिशन के नलों से पानी नहीं आने की शिकायत की, जिस पर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित