कोरबा , जनवरी 15 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के चचिया स्थित धान खरीदी केंद्र में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक दंतैल हाथी अचानक केंद्र परिसर में पहुंच गया। हाथी के आने की खबर मिलते ही धान खरीदी केंद्र के कर्मचारी भयभीत हो गए और किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से सतर्कता बढ़ा दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए कर्मचारियों ने किसी तरह धान को सुरक्षित रखने और हाथी को केंद्र से बाहर खदेड़ने का प्रयास किया। यह पहला मौका नहीं है, जब धान खरीदी केंद्र में हाथी की आमद हुई हो। इससे पहले भी हाथी कई बार अचानक पहुंचकर धान को नुकसान पहुंचा चुके हैं और फिर जंगल की ओर लौट गए हैं।
घटना की सूचना वन विभाग को दी गयी। वन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और हाथी को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ दिया। बताया जा रहा है कि उक्त दंतैल हाथी अपने झुंड से अलग होकर विचरण कर रहा है, जिसके कारण उसके आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
हाथी की मौजूदगी की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल देखा गया। सुरक्षा के मद्देनजर कई ग्रामीण रातभर जागकर स्थिति पर नजर रखते रहे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित