टिहरी , फरवरी 21 -- उत्तराखंड के टिहरी में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर चंबा-साबली क्षेत्र में बीती रात सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 15 चालान किए गए, जबकि एक वाहन को जब्त किया गया। जांच के दौरान एक निजी वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। संबंधित चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया तथा वाहन को बंद कर जब्त कर दिया गया।
परिवहन अधिकारी सत्येंद्र राज ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिला प्रशासन ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित