मुरैना , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अवैध खनन के विरुद्ध प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंबल नदी के राजघाट क्षेत्र में लगभग 19 लाख रुपये मूल्य की अवैध रेत को नष्ट कर दिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में राजस्व, वन, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान करीब 950 ट्रॉली अवैध रेत को जेसीबी मशीन की मदद से मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस विभाग की ओर से दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सक्रिय सहयोग दिया। प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई वन अधिनियमों के तहत नियमानुसार की गई है और इसका उद्देश्य क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित