मुरैना , फरवरी 03 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला स्थित चंबल राजघाट पर आज मंगलवार तड़के टास्क फोर्स ने रेत माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंबल नदी से अवैध रूप से उत्खनन कर नदी के समीप डंप की गई करीब एक हजार ट्रॉली रेत को जेसीबी मशीनों की मदद से मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया। नष्ट की गई रेत की बाजारू कीमत तीस लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार चंबल नदी से लंबे समय से रेत के अवैध उत्खनन की शिकायतें टास्क फोर्स के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ को मिल रही थीं। इसी को लेकर कलेक्टर ने सोमवार को टास्क फोर्स कमेटी की बैठक बुलाकर संबंधित विभागों को रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के तहत आज तड़के राजस्व, वन एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल के साथ चंबल राजघाट पर अचानक छापेमारी की। हालांकि कार्रवाई की भनक पहले ही रेत माफिया को लग जाने के कारण मौके पर कोई भी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं मिली, जबकि इससे पूर्व प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर रही थीं।
टास्क फोर्स की टीम ने मौके पर रेत माफिया द्वारा डंप की गई एक हजार से अधिक ट्रॉली रेत को आधा दर्जन जेसीबी मशीनों की सहायता से मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया। इसके साथ ही वन विभाग के अनुसार रेत माफिया द्वारा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के नदी तक पहुंचने के लिए बनाए गए रास्तों को भी जेसीबी से गहरे गड्ढे खोदकर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे नदी तक पहुंचने के सभी रास्ते बंद हो गए हैं।
कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। करीब ढाई सौ अधिकारी और कर्मचारी इस संयुक्त कार्रवाई में मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार रेत माफिया के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। टास्क फोर्स की इस बड़ी कार्रवाई से रेत माफिया में हड़कंप मच गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित