मुरैना , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी के राजघाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आज छापामार कार्रवाई की, लेकिन कार्रवाई की जानकारी पहले ही लीक हो जाने के कारण रेत माफिया मौके से फरार हो गए और टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंबल राजघाट क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है। यहां नदी से रेत निकालने के लिए आधा सैकड़ा से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियां तथा बड़ी संख्या में डोजर और जेसीबी मशीनें लगी होने की जानकारी सामने आई है।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि राजघाट क्षेत्र में बुधवार को भी रेत माफिया द्वारा अवैध उत्खनन कर रेत का परिवहन किया जा रहा है। इसके बाद वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने माफिया को रंगे हाथ पकड़ने के उद्देश्य से अचानक छापा मारा।
हालांकि कार्रवाई की जानकारी पहले ही लीक हो जाने के कारण माफिया अपने ट्रैक्टर-ट्रालियों और जेसीबी मशीनों के साथ मौके से भाग निकले, जिससे टीम को कोई वाहन या मशीन जब्त नहीं मिल सकी। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई की सूचना किस स्तर से लीक हुई, इसकी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित