मुरैना , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में अवैध खनिज उत्खनन पर सख्ती बरतते हुए प्रशासन ने चंबल नदी से रेत के उत्खनन एवं परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह निर्णय टास्कफोर्स की बैठक में लिया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार राजघाट, भानपुर, देवरी और सिकरोदा नहर तिराहा सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष सशस्त्र बल की तैनाती की गई है। इन स्थानों पर बनाए गए कैंपों के माध्यम से अवैध उत्खनन और परिवहन पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी।

प्रभारी कलेक्टर कमलेश कुमार भार्गव और पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने पुलिस, खनिज, वन विभाग और बल के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया और कार्रवाई की रणनीति तय की।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में रेत का अवैध उत्खनन या परिवहन नहीं होने दिया जाएगा। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर एफआईआर दर्ज की जाएगी और जब्त वाहनों की नीलामी भी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र डावर, खनिज अधिकारी सुखदेव कुमार निर्मल, रक्षित उपनिरीक्षक जोगेन्द्र सिंह परिहार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित