मुरैना , फरवरी 08 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल अभ्यारण्य के प्रतिबंधित क्षेत्र से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन करते हुए मुरैना पुलिस ने आज तड़के तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस और जिला प्रशासन पिछले पांच दिनों से चंबल राजघाट क्षेत्र में रेत माफिया के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे माफिया में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग सूत्रों ने बताया कि टास्क फोर्स द्वारा पिछले पांच दिनों में चंबल नदी से अवैध रूप से उत्खनन कर भंडारित की गई करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की रेत को जेसीबी मशीनों से मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया जा चुका है।

आज तड़के पुलिस ने नेशनल हाईवे स्थित केएस चौराहे पर लगने वाली रेत की अवैध मंडी पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने में खड़ा कर वन विभाग को राजसात की कार्रवाई के लिए सूचित किया है।

बताया गया है कि छापेमारी के दौरान ट्रैक्टर चालक वाहनों को लेकर फरार होने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन जब्त कर लिए, जबकि चालक मौके से भाग निकले। उनकी तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित