चम्पावत , फरवरी 01 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले में संत शिरोमणि रविदास की जयंती रविवार को श्रद्धा, उल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई।
इस अवसर पर सरकारी विभागों, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों और नगर निकायों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य विकास अधिकारी की अगुवाई में अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। सभी ने साफ-सफाई बनाए रखने तथा संत रविदास के संदेशों को व्यवहार में उतारने का संकल्प लिया। लोहाघाट स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक तथा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास टनकपुर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ जी एस खाती ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता और समान अवसरों की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और जागरूक समाज की स्थापना की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
अन्य वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन, विचारों एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को समरसता, समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं तथा युवाओं को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित