चम्पावत , फरवरी 27 -- उत्तराखंड में चंपावत के दौरे पर आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पूरी तरह होली के रंग में रंगे नजर आये। उन्होंने होल्यारों के संग होली भी गायी।
मौका था लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित काली कुमाऊँ होली रंग महोत्सव का। काली कुमाऊं की होली उत्तराखंड खासकर कुमाऊं में बेहद प्रसिद्ध है। श्री धामी ने होली रंग महोत्सव में प्रतिभाग किया होली के रंग में रंगे नजर आये। उन्होंने जनसमूह के साथ खड़ी होली (शास्त्रीय होली) भी गायी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराएं और पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के आधार स्तंभ हैं और चम्पावत के काली कुमाऊँ की होली अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। उन्होंने कहा होली समारोह जैसे आयोजन हमारी समृद्ध विरासत को संजोने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। साथ ही कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। चम्पावत में आधुनिक परिवेश के बीच भी पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना सराहनीय है।
श्री धामी ने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे महोत्सव सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित