चंद्रपुर , फरवरी 28 -- महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में 48 घंटों के भीतर बाघ के अलग-अलग हमलों में दो महिलाओं की मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ताजा घटना में मूल तालुका के सोमनाथ गांव के पास एक खेत में शनिवार सुबह करीब 07:50 बजे कपास चुनते समय सुनीता शामराव भोईर पर बाघ ने हमला कर दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। पास में काम कर रही महिलाओं के शोर मचाने के बाद बाघ पास के जंगल में भाग गया।

इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गये और वरिष्ठ वन अधिकारियों के आने तक शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने से मना कर दिया। कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत करने के लिए स्थानीय निवासियों से बातचीत शुरू की।

स्थानीय राजनीतिक प्रतिनिधि भी वहां मौजूद थे और उन्होंने शांति बनाये रखने की अपील की।

एक अन्य घटना में दक्षिणी ब्रह्मपुरी वन क्षेत्र के पद्मपुर में 88 वर्षीय यमुनाबाई बाजीराव मडावी की बाघ के हमले में मौत हो गयी। वह गुरुवार को जलावन के लिए लकड़ी इकट्ठा करने जंगल गयी थीं और घर नहीं लौटीं। शुक्रवार को परिजनों और वन कर्मचारियों के तलाशी अभियान में उनका शव बरामद हुआ। अधिकारियों ने प्राथमिक जांच में बाघ के हमले के संकेतों की पुष्टि की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित