चंडीगढ़ , मार्च 19 -- पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (करनाल यूनिट) के साथ मिलकर गुरुवार को कैथल में संक्षिप्त गोलीबारी के बाद चंडीगढ़ सेक्टर नौ हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को गिरफ्तार किया और उनके पास से तीन अत्याधुनिक हथियार बरामद किये।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान फिरोजपुर निवासी राजन उर्फ पीयूष पहलवान और नवाशहर निवासी प्रीतम शाह के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में .30 बोर की पीएक्स-5 पिस्तौल, .30 कैलिबर की चीनी पिस्तौल और .32 कैलिबर की पिस्तौल के साथ-साथ गोला-बारूद भी शामिल है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित चरणप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी की बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 9 में दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।

श्री यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बंबीहा गिरोह के भगोड़े गैंगस्टर लकी पटियाल के प्रमुख सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि राजन उर्फ पीयूष पहलवान, जीवनजोत सिंह उर्फ जुगनू के ड्राइवर यादविंदर सिंह की हाई-प्रोफाइल हत्या के मामले में भी वांछित था। उन्होने बताया कि पंजाब की एजीटीएफ ने पूरे मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर 30 घंटे से भी कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है।

एजीटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद बान ने कहा कि घटना के बाद, एजीटीएफ ने डीआईजी एजीटीएफ गुरमीत सिंह चौहान की देखरेख में इस मामले में शामिल आरोपियों को बेनकाब करने और गिरफ्तार करने के लिए तुरंत एक विशेष ऑपरेशन "ऑप्स साइलेंट ट्रिगर" शुरू किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान आरोपियों ने एसपी एजीटीएफ बिक्रमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व वाली पुलिस टीमों पर गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

एडीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी पीयूष अपने विदेश स्थित हैंडलर के निर्देश पर हत्या को अंजाम देने के लिए मलेशिया से नेपाल होते हुए आया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित