चंडीगढ़ , मार्च 18 -- पंजाब एवं हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में बुधवार को सेक्टर-9 में दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चरणप्रीत सिंह (31) के रूप में हुयी है जो मुल्लांपुर का रहने वाला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चरणप्रीत सिंह जिम से निकलकर आज अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठ रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने करीब आठ राउंड गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर ड्राइविंग सीट पर ही लुढ़क गए।
घटना के बाद उनके साथियों ने उन्हें तुरंत पीजीआई अस्पताल ले जाने का प्रयास किया लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण चरणजीत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस को पांच से ज्यादा खाली खोल बरामद हुए हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं। हैरानी की बात यह है कि जहां वारदात हुई, वहां से चंडीगढ़ प्रशासन और एसएसपी कार्यालय महज कुछ ही मिनट की दूरी पर स्थित है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित