जयपुर , दिसंबर 05 -- कैनो और कयाकिंग में शानदार प्रदर्शन के साथ एथलेटिक्स और स्विमिंग में दमदार कोशिशों के दम पर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान 2025 में शुक्रवार को 12-दिवसीय मेगा स्पोर्ट्स इवेंट के समापन पर अपनी ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब सफलतापूर्वक बचा लिया।
चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने अपने अभियान का अंत 67 पदकों के साथ किया, जिसमें 42 स्वर्ण, 14 रजत और 11 कांस्य शामिल हैं। कैनो और कायकिंग- जो पहली बार केआईयूजी में शामिल हुआ - में उन्होंने 30 में से 23 स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा दिखाया। इसके अलावा उन्होंने स्विमिंग में छह, एथलेटिक्स में पांच, रेसलिंग में दो तथा वेटलिफ्टिंग, शूटिंग, साइक्लिंग, आर्चरी, टेबल टेनिस और कबड्डी में एक-एक स्वर्ण जीता।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) ने कुल 78 पदक जीतकर रनर-अप स्थान हासिल किया - चैंपियंस से 11 अधिक - लेकिन कम स्वर्ण पदकों के कारण उन्हें दूसरा स्थान मिला। एलपीयू ने 32 स्वर्ण, 25 रजत और 22 कांस्य जीते। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी ने भी 32 स्वर्ण जीते, लेकिन 22 रजत और 18 कांस्य के कारण उन्हें तीसरा स्थान मिला।
केआईयूजी 2025 के पाँचवें संस्करण में राजस्थान के सात शहरों में कुल 222 यूनिवर्सिटी के 4448 एथलीटों ने 23 स्पर्धाओं में भाग लिया। यह खेल आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) और राजस्थान स्टेट स्पोर्ट्स काउंसिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था, जिसकी मेजबानी पूर्णिया यूनिवर्सिटी ने की।
गेम्स के दौरान एथलीटों ने एथलेटिक्स में 12 नए मीट रिकॉर्ड, जिनमें दो ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी रिकॉर्ड शामिल हैं, बनाए - जो पूरे 12 दिनों के दौरान उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा को दर्शाते हैं।
ओलंपियन और देश के शीर्ष तैराक श्रीहरी नटराज केआईयूजी 2025 के सबसे सफल एथलीट रहे। उन्होंने नौ स्वर्ण और दो रजत जीतकर जैन यूनिवर्सिटी को 27 स्वर्ण, नौ रजत और नौ कांस्य दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एथलेटिक्स में दो स्वर्ण और बास्केटबॉल में एक स्वर्ण ने उनके पदक टैली को और बढ़ाया, जिससे 2021 के चैंपियन जैन यूनिवर्सिटी तालिका में चौथे स्थान पर रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित